विद्यार्थी जीवन में मेहनत और अनुशासन अति आवश्यक : हर्षवर्धन चौहान

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थी जीवन में मेहनत और अनुशासन अति आवश्यक : हर्षवर्धन चौहान


नाहन, 06 मार्च (हि.स.)। उद्योग एवं संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज पांवटा विधानसभा क्षेत्र के श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरक़त की। उद्योग मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन मनुष्य के पूरे जीवन के लिए अत्यंत बहुमूल्य होता है। इस समय में विद्यार्थी अपने व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं तथा अपने भविष्य की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, संस्कार, मेहनत और जिम्मेदारी की भावना भी सिखाती है।

उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं, इसलिए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में भी भाग लें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

हर्षवर्धन चौहान ने नौजवानों से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि अनेकों नौजवान नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और अपने जीवन तथा परिवार की बर्बादी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी दिनचर्या व्यस्त बनाने को कहा ताकि वह जीवन में नई उपलब्धियां को हासिल कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story