हराबाग स्कूल के 12 छात्र भारतीय सेना में देंगे सेवाएं, संजलि हुई वायु सेना में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
हराबाग स्कूल के 12 छात्र भारतीय सेना में देंगे सेवाएं, संजलि हुई वायु सेना में भर्ती


मंडी, 17 जून (हि.स.)। मंडी जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हराबाग के छात्र व छात्राएं आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। हाल ही में स्कूल के 12 छात्र भारतीय सेना में चयनित हुए हैं जबकि स्कूल की छात्रा रही मलन गांव की संजलि ने वायु सेना में भर्ती होकर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संजलि जोगिंदर नगर क्षेत्र की एकमात्र लड़की है जिसने वायु सेना में भर्ती होकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

हराबाग स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक शिक्षक परस राम से फिजिकल फिटनेस की ट्रेनिंग हासिल कर घरोन गांव के दो भाई आदित्य व आशीष के अलावा दीक्षांत, रोहित, दीक्षांत, आदित्य, सुजल, आशीष, साहिल, पुष्पराज, चंद्रेश व आशीष ने भारतीय सेना में भर्ती होकर अपने सपने को साकार किया है। भारतीय सेना व वायु सेना में भर्ती होने वाले सभी पूर्व छात्रों के लिए स्कूल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

इस मौके पर स्कूल की प्रधानाचार्य एवं उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक डा हरीश अवस्थी की धर्मपत्नी नीना अवस्थी ने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि एक ही बार में एक ही स्कूल के 12 छात्रों ने भारतीय सेना में भर्ती होने का सौभाग्य हासिल किया है। उन्होंने कहा कि बीएससी की पढ़ाई कर रही स्कूल की पूर्व छात्रा संजलि ने वायु सेना में भर्ती होकर न केवल क्षेत्र का नाम रोशन किया है बल्कि लड़कियों के लिए एक मिसाल भी पेश की है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवा के बाद अब स्कूल में शारीरिक शिक्षक के रूप में सेवा प्रदान कर रहे परस राम छात्र व छात्राओं को इस तरह से प्रशिक्षण प्रदान कर रहे है कि आज खेल के क्षेत्र में दर्जनों होनहार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story