हिमाचल की बेटियां देश का गौरव, महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता पर अनुराग सिंह ठाकुर ने किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की बेटियां देश का गौरव, महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता पर अनुराग सिंह ठाकुर ने किया सम्मानित


हमीरपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ियों को नई दिल्ली स्थित अपने निवास पर सम्मानित किया। इस अवसर पर टीम की कप्तान पुष्पा राणा सहित स्टार खिलाड़ी रितु नेगी, भावना ठाकुर और ज्योति ठाकुर उपस्थित रहीं। अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचली परंपरा के अनुरूप खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल की इन बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और संकल्प के दम पर देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता केवल खेल जगत की उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के युवाओं और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियां आज अपनी प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पहचान मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय महिला कबड्डी टीम की यह शानदार सफलता देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है और उनका सम्मान करना राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का अभिनंदन है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कप्तान पुष्पा राणा और टीम की सभी खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे इसी उत्साह, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ आगे भी भारत के लिए गौरव हासिल करती रहेंगी। उन्होंने आशा जताई कि हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगी और भारतीय खेल जगत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762151 Articles

Share this story