महिला मोर्चा पार्टी की मजबूती में निभा रहा अहम भूमिका: आशीष शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
महिला मोर्चा पार्टी की मजबूती में निभा रहा अहम भूमिका: आशीष शर्मा


हमीरपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा मंडल शहरी हमीरपुर की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय वीर कमल में मंडल अध्यक्ष सुमन कपिल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सदर विधायक आशीष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष एवं महिला मोर्चा प्रभारी राजकुमारी, मंडल प्रभारी अल्का तथा मंडल शहरी अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में महिला मोर्चा की विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष सुमन कपिल ने महिला मोर्चा द्वारा किए गए कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए कहा कि महिला मोर्चा पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है तथा पार्टी की नीतियों और गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए प्रत्येक बूथ पर एक कार्यकर्ता के माध्यम से दस सखियों को जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से इनमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

सदर विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि महिला मोर्चा भाजपा का प्रमुख मोर्चा है और मातृशक्ति समाज में बदलाव तथा विकास की मजबूत नींव रखती है। उन्होंने हमीरपुर मंडल महिला मोर्चा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिला कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए सराहनीय कार्य कर रही हैं।उन्होंने कार्यकर्ताओं से रविवार को प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को अवश्य सुनने तथा इसकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता जरूरी है और सामूहिक प्रयासों से संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story