हमीरपुर में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
हमीरपुर में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन


हमीरपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को जिला हमीरपुर में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। हमीरपुर शहर के प्रसिद्ध गांधी चौक पर जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, प्रशासन की ओर से एडीसी अभिषेक गर्ग व अन्य नेताओं और शहर के गणमान्य नागरिकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्र के लिए दोनों महान विभूतियों के योगदान का स्मरण किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर भारत को आजादी दिलाई थी और विश्व के अन्य देशों ने भी उन्हीं के बताए मार्ग का अनुसरण करके आजादी पाई। लाल बहादुर शास्त्री ने भी कठिन दौर में देश को सशक्त नेतृत्व प्रदान किया था। ये दोनों महान विभूतियां प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद नगर निगम ने स्वच्छता जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किया।

गांधी जयंती पर आरसेटी ने चलाया सफाई अभियान, पौधारोपण भी किया

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य पर मट्टनसिद्ध स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर के परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। संस्थान के निदेशक अजय कतना की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान के दौरान ब्यूटिशियन के प्रशिक्षण कोर्स की प्रतिभागियों ने पूरे परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र की सफाई की। निदेशक अजय कतना ने सभी प्रतिभागियों और स्टाफ को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा पौधारोपण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story