हैम रेडियो - आपातकालीन स्थितियों व आपदाओं के दौरान वैकल्पिक संचार विषय पर कार्यशाला आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
हैम रेडियो - आपातकालीन स्थितियों व आपदाओं के दौरान वैकल्पिक संचार विषय पर कार्यशाला आयोजित


मंडी, 23 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के संयुक्त तत्वावधान में जल शक्ति विभाग के राज्य प्रशिक्षण केंद्र, मंडी में हैम रेडियो – आपातकालीन स्थितियों और आपदाओं के दौरान वैकल्पिक संचार” विषय पर छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से शुरू हुआ। शुभारंभ सत्र में उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। 23 मार्च से 28 मार्च तक आयोजित इस कार्यक्रम में स्रोत व्यक्ति के रूप में केंद्रीय संचार विभाग के सेवानिवृत्त डीडीजी वी.के. आर्य एवं दिल्ली हैम रेडियो संस्थान की सचिव कुसुम उपस्थित रहीं।

उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को हैम रेडियो में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हुए उनके परिचालन कौशल में निखार लाना और आपातकालीन संचार प्रणालियों को मज़बूत करना है। हैम रेडियो आपदाओं के दौरान पारंपरिक नेटवर्क के विफल होने पर एक विश्वसनीय वैकल्पिक संचार प्रणाली के रूप में कार्य करता है। आपातकालीन स्थिति एवं आपदाओं के दौरान संचार माध्यमों को सक्रिय रखना बड़ी चुनौती रहती है। विशेषतौर पर पारपंरिक संचार माध्यमों में व्यावधान इत्यादि की स्थिति में हैम रेडियो जैसे माध्यम सूचना सम्प्रेषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंडी, लाहौल-स्पिति, बिलासपुर, कुल्लू और हमीरपुर इत्यादि जिलों से ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह रक्षक वाहिनी, अग्निशमन सेवाएं, पुलिस सीटीएस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों, राजस्व विभाग, सामुदायिक रेडियो ऑपरेटर, डीआईएजी और आपदा मित्र स्वयं सेवकों सहित विभिन्न विभागों और एजेंसियों के लगभग 70 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रारंभिक सत्र में हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण तथा प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक नरेंद्र कैथ भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story