गुरु पूर्णिमा पर श्री रेणुका जी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, महंत रेनेंद्र मुनि महाराज से लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
गुरु पूर्णिमा पर श्री रेणुका जी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, महंत रेनेंद्र मुनि महाराज से लिया आशीर्वाद


नाहन, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास जयंती के अवसर पर जिला सिरमौर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। गुरु-शिष्य परंपरा के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गुरुओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक पर्यटन नगरी श्री रेणुका जी में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र श्री रेणुका जी झील में आस्था की डुबकी लगाई तथा निर्वाण आश्रम पहुंचकर महंत रेनेंद्र मुनि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर आश्रम में भजन-कीर्तन, गुरु पूजन और धार्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और गुरु-शिष्य परंपरा के निर्वहन की भावपूर्ण झलक देखने को मिली।

निर्वाण आश्रम के प्रवक्ता मोहन चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह गुरु-शिष्य के आध्यात्मिक मिलन का भी विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु इस दिन अपने गुरु को श्रद्धानुसार भेंट अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

उन्होंने बताया कि श्री रेणुका जी स्थित निर्वाण आश्रम रियासतकाल से गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करता आ रहा है। आश्रम परिसर में आज भी रियासतकालीन आश्रम और गुरुकुल की परंपरा को संरक्षित रखते हुए उसका संचालन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story