शिमला में गुरु रविदास जयंती पर निकली राष्ट्रीय कलश यात्रा, जयराम ठाकुर ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
शिमला में गुरु रविदास जयंती पर निकली राष्ट्रीय कलश यात्रा, जयराम ठाकुर ने सामाजिक समरसता का दिया संदेश


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। शिमला में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा का मंगलवार को।श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पावन कलश को अपने कंधों पर उठाया और कृष्णनगर स्थित वाल्मीकि मंदिर तक निकाली गई शोभायात्रा में भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोगों को समान मानने की सीख दी। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने वाले हैं और वर्तमान समय में भी उनकी प्रासंगिकता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रेम, सेवा और भाईचारे पर आधारित समाज का उनका संदेश लोगों को एक-दूसरे के साथ मिलकर रहने की प्रेरणा देता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की संत परंपरा से प्रेरणा लेते हैं और भारत की सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विश्वास है कि अपनी विरासत पर गर्व और विकास के प्रति संकल्प देश की सबसे बड़ी ताकत है। उनके अनुसार संत गुरु रविदास जी के आदर्श भी इसी सोच को मजबूत करते हैं और समाज में एकता तथा विश्वास का संदेश देते हैं।

उन्होंने प्रदेश के लोगों, विशेष रूप से युवाओं से गुरु रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, सेवा, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story