पांवटा साहिब में गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव की पूर्व संध्या पर निकाला नगर कीर्तन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 23 नवंबर (हि.स.)। सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव की पूर्व संध्या पर आज पांवटा साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब से आरंभ हुए इस विशाल नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। नगर कीर्तन में फूलों से सजी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की सुंदर पालकी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पांवटा साहिब के मैनेजर जगीर सिंह ने बताया कि आज गुरु नानक देव के प्रकाश उत्सव को समर्पित शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। जो गुरुद्वारा परिसर से शुरू होकर देर शाम शहर की परिक्रमा कर वापिस लौटा। उन्होंने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह की इस पावन नगरी में श्रद्धालुओं का भी जनसैलाब उमड़ रहा है और प्रकाश उत्सव में शामिल होने के लिए हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पांवटा साहिब पहुंच रहे हैं।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा बाहर से आने वाली संगत के ठहरने और लंगर खाने-पीने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा नगर कीर्तन के मार्ग में जगह-जगह जलपान के स्टॉल लगाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story