शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक

WhatsApp Channel Join Now
शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक


मंडी, 14 सितंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंडी सीबीएसई में पर्यटन एवं रिटेल विषय के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुश्री चेतना कुमारी ने विद्यार्थियों को पर्यटन, आतिथ्य एवं रिटेल क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। सुश्री चेतना कुमारी ने प्रतिष्ठित रैडिशन ब्लू , कुवैत में कार्य किया है तथा उन्हें पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को ग्राहक सेवा, प्रभावी संचार, व्यक्तित्व विकास, पेशेवर व्यवहार, टीमवर्क, स्वच्छता एवं ग्रूमिंग तथा पर्यटन और रिटेल क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए बताया कि उद्योग में सफलता प्राप्त करने के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण भी आवश्यक हैं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यटन, होटल उद्योग और रिटेल क्षेत्र में करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। विद्यालय प्रशासन ने सुश्री चेतना कुमारी का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के उद्योग-आधारित अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र की जानकारी देने तथा उनके कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story