केंद्रीय कारागार नाहन में विचाराधीन बंदियों के दो गुटों में मारपीट
नाहन, 16 अगस्त (हि.स.)। नाहन के केंद्रीय कारागार में स्वतंत्रता दिवस की शाम बंदियों के दो गुटों में मारपीट हो गई। घटना में कई बंदी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को शाम के समय मॉडल केंद्रीय कारागार नाहन के ब्लॉक-ए में विचाराधीन बंदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। ड्यूटी पर मौजूद वार्डरों ने झगड़ा रुकवाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण हालात बिगड़ गए। बाद में हेड वार्डर और कारागार अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया। इस झगड़े में कुछ बंदियों को चोटें आई हैं। उप अधीक्षक सीता राम की शिकायत पर सदर थाना नाहन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

