ग्रुप-डी कर्मचारियों के खातों में आएंगे 20 हजार रुपये एरियर, सरकार ने जारी किए आदेश

WhatsApp Channel Join Now
ग्रुप-डी कर्मचारियों के खातों में आएंगे 20 हजार रुपये एरियर, सरकार ने जारी किए आदेश


शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को वेतन संशोधन के लंबित एरियर के भुगतान को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। वित्त (वेतन पुनरीक्षण) विभाग की ओर से मंगलवार को जारी पत्र में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के तहत वेतनमान संशोधन के कारण देय एरियर का भुगतान नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को किया जाएगा।

आदेश के अनुसार कुल एरियर में से 20 हजार रुपये नकद अगस्त 2026 के दौरान दिए जाएंगे।

यह फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की उस घोषणा को अमल में लाने की दिशा में उठाया गया कदम है, जो उन्होंने 15 अगस्त को हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान की थी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि ग्रुप-डी कर्मचारियों को इसी महीने वेतन एरियर के रूप में अतिरिक्त 20 हजार रुपये जारी किए जाएंगे। अब वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

वित्त विभाग द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि यह आदेश विभाग की ओर से पहले 17 सितंबर 2022 और 19 अक्टूबर 2024 को जारी किए गए पत्रों के क्रम में जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल ने 1 जनवरी 2016 से प्रभावी वेतनमान संशोधन के कारण बनने वाले एरियर का भुगतान नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को करने की मंजूरी दी है। इसके तहत भुगतान की व्यवस्था इस प्रकार की जाएगी कि कुल एरियर में से 20 हजार रुपये अगस्त 2026 में नकद दिए जाएं।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एरियर भुगतान से जुड़ी अन्य सभी शर्तें और नियम 17 सितंबर 2022 के पहले जारी आदेशों के अनुसार ही लागू रहेंगे और उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यह आदेश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, सभी मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया है, जिससे संबंधित विभागों में भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

सरकार के इस फैसले से राज्य के नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को राहत मिलेगी, जो लंबे समय से वेतन संशोधन से जुड़े एरियर के भुगतान का इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री की स्वतंत्रता दिवस पर की गई घोषणा के तीन दिन बाद आदेश जारी होने से अब कर्मचारियों को अगस्त माह में 20 हजार रुपये की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story