लोक भवन में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान से जुड़ने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
लोक भवन में राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, युवाओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान से जुड़ने का आह्वान


शिमला, 15 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने शिमला स्थित लोक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में पुलिस गार्ड की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। प्रथम महिला बिंदु गुप्ता भी समारोह में उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने लोक भवन के कर्मचारियों को मिठाइयां वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और देश की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अवसर नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है और उनके आदर्श हमेशा देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विभिन्न क्षेत्रों में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सभी राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों तथा प्रतिभाशाली मानव संसाधन के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का लक्ष्य आत्मनिर्भर हिमाचल का निर्माण होना चाहिए, जहां विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और विकास की प्रक्रिया पर्यावरण के अनुकूल हो। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने हिमाचल की नाजुक पारिस्थितिकी और प्राकृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया और कहा कि प्रदेश की प्रगति पर्यावरणीय संतुलन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए।

राज्यपाल ने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, खेल और जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि वे ‘नशामुक्त हिमाचल’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में अहम योगदान दे सकते हैं।

इस अवसर पर राज्यपाल ने लोक भवन परिसर में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में महान साहित्यकार और राष्ट्रगीत के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की स्मृति में स्थापित पट्टिका का अनावरण भी किया। पट्टिका पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की पंक्तियां अंकित हैं। राज्यपाल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत रहा है और आज भी यह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story