समाज को दिशा देने में मीडिया की जिम्मेदारी अहम : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता
शिमला, 03 जून (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बुधवार को लोक भवन में हिमाचल प्रदेश की प्रेरणादायक उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘हाई फ्लायर’ का लोकार्पण किया।
उन्होंने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाचारों के प्रसार के साथ-साथ मीडिया समाज को शिक्षित करने, जनमत को दिशा देने तथा सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने का कार्य भी करता है।
कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश के विकास और प्रगति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को पहचान दिलाने की इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक में शामिल कई विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
राज्यपाल ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता ने समाज को अधिक समावेशी और प्रगतिशील बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सफलता की कहानियां विशेष रूप से युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगी।
कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से परिपूर्ण हिमाचल प्रदेश सदैव प्रतिभा और अपार संभावनाओं की भूमि रहा है। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश के भविष्य के ध्वजवाहक है और ‘हाई फ्लायर’ जैसे मंच विशिष्ट प्रतिभाओं कोे समाज के सामने लाकर उत्कृष्टता, नवाचार और ऊंची आकांक्षाओं को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राज्यपाल ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा आज समाज के सामने सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है और युवाओं के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों और मूल्यों से दूर हो जाते हैं तो इस प्रकार की समस्याएं बढ़ने लगती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि केवल सरकार के प्रयासों से नशे की समस्या का पूर्ण समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज को जागरूक रहकर, जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी तथा निवारक उपायों को समर्थन देना होगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और लोगों को इसके विरुद्ध अभियान से जोड़ने में प्रभावी योगदान दे सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

