प्राकृतिक खेती से घटेगी लागत, बढ़ेगा उत्पादन, गंभीर बीमारियों का खतरा भी कम : आचार्य देवव्रत

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 28 नवंबर (हि.स.)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि इससे खेती की लागत कम होती है और उत्पादन में भी कमी नहीं आती। प्राकृतिक खेती जमीन की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। इससे रासायनिक खादों और कीटनाशकों के इस्तेमाल पर निर्भरता घटेगी और गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी।

शिमला दौरे पर पहुंचे आचार्य देवव्रत ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल प्रदेश से शुरू हुआ प्राकृतिक खेती का अभियान अब देशभर में फैल रहा है। किसान इस पद्धति को अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 30 से 40 वर्षों में कैंसर, हार्ट अटैक और किडनी फेल होने जैसी गंभीर बीमारियों के मामले बढ़े हैं। रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन की गुणवत्ता खराब हो रही है। इनके हानिकारक अवशेष खाद्यान्न, फल और सब्जियों के माध्यम से मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में जब प्राकृतिक खेती का अभियान शुरू हुआ था, उस समय जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री थे और उनकी सरकार ने इसे आर्थिक सहयोग दिया था। मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार भी इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। प्राकृतिक खेती राजनीति से ऊपर मानवता और किसानों के हित से जुड़ा मिशन है।

पांच सिद्धांतों पर आधारित है प्राकृतिक खेती

आचार्य देवव्रत ने बताया कि प्राकृतिक खेती के पांच प्रमुख सिद्धांत हैं। इनमें बीजामृत से बीजों का उपचार, घनजीवामृत और जीवामृत का इस्तेमाल, मल्चिंग, अच्छादन और मल्टीक्रॉपिंग शामिल हैं। उन्होंने प्राकृतिक और जैविक खेती को अलग बताते हुए कहा कि जैविक खेती में बाहर से कई इनपुट खरीदने पड़ते हैं, जबकि प्राकृतिक खेती में गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और खेत की मिट्टी से जीवामृत तैयार किया जा सकता है। कीट नियंत्रण के लिए अग्निअस्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे पारंपरिक घोल भी उपयोगी हैं।

उन्होंने अपने खेत का उदाहरण देते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने के बाद वहां मिट्टी का ऑर्गेनिक कार्बन 0.234 से बढ़कर 1.7 तक पहुंच गया है।

गुजरात में बने 1500 बिक्री केंद्र

आचार्य देवव्रत ने बताया कि गुजरात में प्राकृतिक खेती के उत्पादों की बिक्री के लिए करीब 1500 केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों को उचित दाम मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन के कम से कम एक हिस्से में परिवार के इस्तेमाल के लिए प्राकृतिक खेती शुरू करें। इसके अच्छे परिणाम मिलने पर इसका दायरा बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि कम लागत, मिट्टी की बेहतर सेहत और सुरक्षित खाद्य उत्पादन के लिहाज से प्राकृतिक खेती विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story