मीडिया सामाजिक बदलाव का मजबूत माध्यम : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
मीडिया सामाजिक बदलाव का मजबूत माध्यम : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता


शिमला, 24 मई (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा है कि मीडिया केवल समाचार और मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा देने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त जरिया भी है। उन्होंने ईंधन संरक्षण और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

राज्यपाल ने शनिवार देर शाम शिमला में बिग एफएम द्वारा आयोजित ‘बिग इम्पैक्ट अवॉर्ड्स-2026’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज सेवा, नवाचार और जनकल्याण के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को पहचान दिलाने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम करने वाले लोगों को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इस दिशा में मीडिया, उद्योग, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्यपाल ने रेडियो की बढ़ती पहुंच का जिक्र करते हुए कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों ने रेडियो को फिर से लोगों से जुड़ने का प्रभावी माध्यम बनाया है।

राज्यपाल ने कहा कि मीडिया में समाज को जागरूक करने और सामाजिक अभियानों को जनआंदोलन में बदलने की ताकत है। उन्होंने खास तौर पर रेडियो को ऐसा माध्यम बताया जो समाज के हर वर्ग तक आसानी से पहुंचता है। उन्होंने बिग एफएम की महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े अभियानों के लिए सराहना की।

कविन्द्र गुप्ता ने वैश्विक तेल संकट पर चिंता जताते हुए ऊर्जा संरक्षण को जरूरी बताया। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह लोगों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, कार पूलिंग और अनावश्यक वाहन इस्तेमाल से बचने के लिए जागरूक करे। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक जरूरत नहीं बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी है और छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा में बड़ा योगदान दे सकते हैं।

राज्यपाल ने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि नशे से युवाओं को बचाने के लिए जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया जागरूकता अभियानों और सकारात्मक संदेशों के जरिए नशा मुक्ति अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने के साथ खेल, नवाचार और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story