युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं : राज्यपाल


युवा संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं : राज्यपाल


जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने, लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल भविष्य के नेता नहीं, बल्कि वर्तमान भारत की लोकतांत्रिक यात्रा के सक्रिय भागीदार और हितधारक हैं।

राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित भारतीय युवा संसद के 31वें राष्ट्रीय सत्र को संबोधित किया। उन्होंने देश के 26 राज्यों से आए युवा प्रतिनिधियों की भागीदारी की सराहना की। सत्र में प्रतिनिधियों ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर विचार-विमर्श किया।

गुप्ता ने भारतीय युवा संसद से वर्ष 1999 से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने युवाओं को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने तथा राष्ट्र के समक्ष मौजूद चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने भारतीय युवा संसद को जिम्मेदार नागरिकता और भावी नेतृत्व की नर्सरी बताया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव और संस्थाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि संवाद, भागीदारी, जवाबदेही, सहमति और असहमति की निरंतर प्रक्रिया है। लोकतांत्रिक व्यवस्था जनविश्वास पर आधारित होती है।

राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें मनभेद में नहीं बदलना चाहिए। राजनीतिक हितों से ऊपर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य युवाओं, महिलाओं, किसानों, वैज्ञानिकों, उद्यमियों और प्रत्येक नागरिक की सामूहिक भागीदारी से ही हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश संवाद, कूटनीति और मानवता के व्यापक हित में विश्वास करता है तथा विभिन्न देशों को साथ लाने की क्षमता रखता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story