राज्यपाल ने गठित की कुलाधिपति अंतर-विश्वविद्यालयीय ‘विकसित भारत-2047’ टास्क फोर्स

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने गठित की कुलाधिपति अंतर-विश्वविद्यालयीय ‘विकसित भारत-2047’ टास्क फोर्स


शिमला, 25 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति कविन्द्र गुप्ता ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को एक साझा मंच पर लाने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की दिशा में समन्वित प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए कुलाधिपति अंतर-विश्वविद्यालयीय ‘विकसित भारत-2047’ परिषद अथवा टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की है।

यह घोषणा मंगलवार को लोक भवन में राज्यपाल की अध्यक्षता में आयोजित हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक के दौरान की गई।

राज्यपाल ने सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए कि वे 10 दिनों के भीतर 100 दिवसीय रोडमैप तैयार करें, जिसमें अपने-अपने संस्थानों में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य प्रणालियों और श्रेष्ठ प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए किए जाने वाले कार्यों का उल्लेख हो। उन्होंने विश्वविद्यालयों से सफल पहलों को अन्य विश्वविद्यालयों के साथ साझा करने का भी आह्वान किया, ताकि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश और देश के विकास में योगदान दिया जा सके।

कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ का विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ज्ञान, नवाचार, कौशल, आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व करने वाला भारत बनाना है।

राज्यपाल ने कहा कि परिषद अथवा टास्क फोर्स की त्रैमासिक बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा इन बैठकों का आयोजन विभिन्न विश्वविद्यालयों में बारी-बारी से किया जाएगा। उन्होंने इस व्यवस्था को परिणामोन्मुख बनाए रखने और इसकी नियमित समीक्षा करने पर भी बल दिया।

युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि विश्वविद्यालयों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ में सक्रिय भागीदार बनना होगा।

उच्च शिक्षा में ‘प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग’ की आवश्यकता पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यदि किसी विश्वविद्यालय ने कोई उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, नई शिक्षण पद्धति विकसित की है अथवा शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में सफलता हासिल की है, तो उसका लाभ अन्य विश्वविद्यालयों और विद्यार्थियों तक भी पहुंचना चाहिए।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला को टास्क फोर्स का समन्वयक विश्वविद्यालय नामित किया। विश्वविद्यालय को टास्क फोर्स के संचालन तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने लोक भवन की पत्रिका के प्रथम संस्करण का भी विमोचन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story