युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देगा सौ दिवसीय रोडमैप : राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देगा सौ दिवसीय रोडमैप : राज्यपाल


सोलन, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने विश्वविद्यालय द्वारा तैयार युवाओं के विकास के लिए सौ दिवसीय रोडमैप का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप कौशल विकास, उद्यमिता, रोजगार सृजन और टिकाऊ ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देना है।

राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। इसके लिए शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक कौशल और बाजार की मांग से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बागवानी, वानिकी और संबंधित क्षेत्रों में हिमाचल के युवाओं के लिए स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।

यह रोडमैप कुलाधिपति की अंतर-विश्वविद्यालय ‘विकसित भारत टास्क फोर्स’ की पहल के तहत तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय बढ़ाना, नवाचार को प्रोत्साहित करना और सफल कार्यप्रणालियों को साझा करना है।

रोडमैप के तहत बाग प्रबंधन, ग्राफ्टिंग, नर्सरी उत्पादन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, टिश्यू कल्चर, संरक्षित खेती और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही व्यवसाय योजना, बाजार से जुड़ाव और उद्योगों में इंटर्नशिप पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस पहल में ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, जनजातीय समुदायों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story