स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएं युवा : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य जागरूकता और मानव सेवा में अग्रणी भूमिका निभाएं युवा : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता


शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, भेदभाव समाप्त करने और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। राज्यपाल रविवार को हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचपीएनएलयू), शिमला में आयोजित ‘स्वास्थ्य मंथन-2026’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

एचपीएनएलयू की एनसीसी इकाई ने राज्य एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वस्थ कल के लिए युवा नेतृत्व का सशक्तिकरण’ विषय पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया। राज्यपाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं में जागरूकता, संवेदनशीलता और सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

राज्यपाल, जो राज्य रेडक्रॉस के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि स्वास्थ्य केवल अस्पतालों और चिकित्सा उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध व्यक्ति की गरिमा, समानता, जागरूकता और सामाजिक न्याय से भी है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी का प्रसार करने और मिथकों व भ्रांतियों को चुनौती देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कानून लोगों की गरिमा, समानता और अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए जनस्वास्थ्य, कानून और मनोविज्ञान के बीच समन्वय स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व पद या अधिकार से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा की भावना से परिभाषित होता है।

गणेश उत्सव में भी लिया हिस्सा

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने साेमवार काे शिमला के मिडिल बाजार में सिद्धि विनायक सेवा मंडल ट्रस्ट द्वारा आयोजित गणेश उत्सव में भी भाग लिया। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सनातन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति की भी सराहना की और कहा कि इससे वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव बढ़ा है तथा विभिन्न देशों के साथ संबंध और मजबूत हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story