अब वंदना कुमारी होंगी भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी, प्रोफेसर धूमल से लिया आशीर्वाद
हमीरपुर, 13 मई (हि.स.)। नादौन विधानसभा क्षेत्र से जिला परिषद चुनाव लड़ रहे भाजपा समर्थित चारों प्रत्याशियों ने आज पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के समीरपुर स्थित निवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी प्रत्याशियों ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान को और अधिक गति देने तथा नादौन विधानसभा क्षेत्र की चारों जिला परिषद सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में डालने का संकल्प लिया।
इस दौरान प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और जनविश्वास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी जनता के बीच पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जाएं तथा केंद्र सरकार और भाजपा की जनहितैषी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन देकर विजय दिलाएगी।
गौरतलब है कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के मलाग-धनेटा जिला परिषद वार्ड से भाजपा प्रत्याशी काजल का किसी कारणवश नामांकन रद्द हो गया था। हालांकि भारतीय जनता पार्टी द्वारा कवरिंग उम्मीदवार के रूप में वंदना कुमारी का नामांकन भी दाखिल करवाया गया था, जिन्हें अब उक्त जिला परिषद वार्ड से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अफसरशाही तंत्र का दुरुपयोग करते हुए भाजपा के जीताऊ उम्मीदवारों के नामांकन रद्द करवाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार पंचायत राज चुनाव करवाने से ही बचना चाहती थी, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय की कड़ी फटकार के बाद जब चुनाव करवाना मजबूरी बन गया, तो अब इस प्रकार के साजिशी हथकंडे अपनाकर भाजपा प्रत्याशियों के हौसले पस्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर की जागरूक जनता कांग्रेस सरकार की इन चालों को भली-भांति समझ चुकी है और जनता इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी साजिशों से बाज़ नहीं आई तो हमीरपुर कि जनता उसे करारा जवाब देगी और विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी जिला परिषद चुनावों में भारी अंतर से विजय प्राप्त करेगी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

