अंतर्राष्ट्रीय मंडी महाशिवरात्रि: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का मंडी पहुंचने पर किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
अंतर्राष्ट्रीय मंडी महाशिवरात्रि: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का मंडी पहुंचने पर किया स्वागत


मंडी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी में अंतर्राष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का आगमन हुआ। जनपद की पावन नगरी में पधारने पर समस्त क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने मंडी पहुंचे राज्यपाल राज्यपाल शिव प्रताप शुक्वारर मंडी जिले के कंगनीधार हेलीपैड पहुंचे, जहां उनका गरिमापूर्ण एवं पारंपरिक स्वागत किया गया। वे अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह में भाग लेने के लिए मंडी पहुंचे हैं।

विधायक अनिल शर्मा, इंदर सिंह, पूर्ण चंद, नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी जानकी शुक्ला भी उनके साथ उपस्थित रहीं। इसके उपरांत, सर्किट हाउस पहुंचने पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आम सभा के अध्यक्ष एवं विधायक चंद्रशेखर, विधायक दीप राज, तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ललित अवस्थी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी राज्यपाल का अभिनंदन किया। राज्यपाल आज सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे तथा रविवार को अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के समापन समारोह में भी सम्मिलित होंगे।

राज्यपाल के मंडी सर्किट हाउस पहुचने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनकी अगवानी की और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी और रेडक्रॉस सोसायटी की राष्ट्रीय गवर्निंग बॉडी की सदस्य उनकी पत्नी डॉ साधना ठाकुर भी मौजूद रही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति ने इस ऐतिहासिक महोत्सव की शोभा में चार चांद लगा दिए हैं। सदियों पुराने इस सांस्कृतिक समागम में उनके सम्मिलित होने से उत्सव की सार्थकता और अधिक बढ़ गई है। अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन न केवल महोत्सव को गौरवशाली बनाता है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध विरासत और देव संस्कृति के संरक्षण हेतु एक नई प्रेरणा भी प्रदान करता है। देवी-देवताओं के मिलन के इस महाकुंभ में राज्यपाल की उपस्थिति ने भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण को और अधिक ऊर्जावान बना दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story