सिरमौर के ध्रुव सिंह ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण पदक, अब नेशनल में दिखाएंगे दम
नाहन, 15 जून (हि.स.)। बिलासपुर में आयोजित 37वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिला सिरमौर के होनहार खिलाड़ी ध्रुव सिंह ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। ‘द स्कॉलर्स’ होम’ स्कूल के छात्र ध्रुव (पुत्र गोपाल सिंह) की इस स्वर्णिम सफलता से न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे सिरमौर जिले में जश्न का माहौल है। उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक कामयाबी से पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
अंडर-14 ट्रायथलॉन ‘बी’ वर्ग में ध्रुव ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस कड़े मुकाबले के तहत उन्होंने शॉटपुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, लंबी कूद में द्वितीय स्थान तथा 60 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया। इन तीनों ही विधाओं में अपने निरंतर और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ध्रुव ने कुल अंकों के आधार पर तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
ध्रुव के कोच सुधीर कुमार ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता ध्रुव की महीनों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। वे मैदान पर लगातार कड़ा पसीना बहा रहे थे और उनकी नियमित ट्रेनिंग, अनुशासन तथा खेल के प्रति गजब की लगन ने ही उन्हें आज राज्य स्तर पर चैंपियन बनाया है।
राज्य स्तर पर सोने का तमगा जीतने के बाद अब ध्रुव सिंह ठाकुर आगामी 14 से 16 सितंबर तक देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित होने वाली नॉर्थ ज़ोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

