सिरमौर की बेटी महक शर्मा ने ऑल इंडिया संस्कृत विश्वविद्यालय परीक्षा में हासिल किया दूसरा स्थान

WhatsApp Channel Join Now
सिरमौर की बेटी महक शर्मा ने ऑल इंडिया संस्कृत विश्वविद्यालय परीक्षा में हासिल किया दूसरा स्थान


नाहन, 26 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर की बेटियां आज अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में उपमंडल पच्छाद की ग्राम पंचायत लाना मियूँ की होनहार बेटी महक शर्मा ने अखिल भारतीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर सिरमौर जिले और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा किया है। महक शर्मा ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेद व्यास परिसर (बलाहर, कांगड़ा) से आचार्य (फलित ज्योतिष) की परीक्षा में 9.33 CGPA (10 में से) प्राप्त कर देश भर में द्वितीय स्थान हासिल किया है।

महक की शुरुआती पढ़ाई पूरी तरह से सरकारी और स्थानीय शिक्षण संस्थानों से हुई है। उन्होंने अपनी दसवीं की परीक्षा गवर्नमेंट हाई स्कूल बसाहं से पास की और इसके बाद जमा दो की पढ़ाई राजगढ़ से पूरी की। संस्कृत के प्रति अपने रुझान को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन से शास्त्री की डिग्री हासिल की। इसके पश्चात उन्होंने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेद व्यास परिसर (बलाहर, कांगड़ा) से बीएड की शिक्षा ग्रहण की और इसी प्रतिष्ठित संस्थान से आचार्य (फलित ज्योतिष) की पढ़ाई पूरी करते हुए यह ऐतिहासिक सफलता अर्जित की।

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस परीक्षा में देश भर के 14 केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालयों और 5 अन्य संबद्ध संस्कृत महाविद्यालयों (कुल 19 परिसरों) के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। फलित ज्योतिष जैसे गहन और गूढ़ शास्त्र में महक शर्मा ने बिना किसी कोचिंग का सहारा लिए, केवल अपनी लगन और स्वाध्याय के बल पर इन सभी परिसरों के परीक्षार्थियों को पीछे छोड़ते हुए ऑल इंडिया में दूसरा स्थान पाया है। महक अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन को देती हैं।

महक शर्मा की यह सफलता इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि वे एक साधारण और संघर्षशील परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता ओम प्रकाश शर्मा जिला न्यायवादी कार्यालय नाहन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता लीला शर्मा क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story