नाहन की अंकिता ने जर्मनी में हासिल की नौकरी, माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा ने बढ़ाया मान

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 18 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर की एक छात्रा ने अपनी पढ़ाई और भाषा कौशल के दम पर जर्मनी में नौकरी हासिल की है। रामपुर माजरी की रहने वाली अंकिता चौधरी का चयन जर्मनी के एक शीर्ष मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है। इस उपलब्धि ने माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट प्रयासों को भी नई मजबूती दी है।

अंकिता चौधरी, अमरजीत सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसी वर्ष कॉलेज परिसर में जर्मनी प्लेसमेंट के लिए एक विशेष संस्थान की शुरुआत की गई थी, जिसके माध्यम से उनका चयन जर्मनी के अस्पताल में हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर क्षेत्र में करिअर बनाने के लक्ष्य के साथ अंकिता ने कॉलेज द्वारा संचालित जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम में दाखिला लिया। लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत से उन्होंने जर्मन भाषा का कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया और जर्मनी में नौकरी हासिल करने के लिए जरूरी सभी प्रक्रियाएं और शर्तें पूरी कीं। जर्मनी पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।

इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने खुशी जताते हुए इसे बेटी की मेहनत, लगन और संस्कारों का परिणाम बताया। वहीं, कॉलेज के शिक्षकों ने कहा कि अंकिता शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story