सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार बने भारतीय ग्रैपलिंग संघ के चेयरमैन

WhatsApp Channel Join Now
सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार बने भारतीय ग्रैपलिंग संघ के चेयरमैन


शिमला, 17 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल से राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार को भारतीय ग्रैपलिंग संघ का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इस संबंध में संघ के महासचिव सुबोध कुमार यादव की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए आमंत्रित किया गया है। उनकी नियुक्ति को ग्रैपलिंग खेल के विस्तार और संस्थागत मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

बताया गया है कि भारत में मार्शल आर्ट्स और कुश्ती के आधुनिक रूप के तौर पर पहचान बना रहे ग्रैपलिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सिकंदर कुमार के संघ से जुड़ने से इस खेल को नीतिगत स्तर पर मजबूती मिल सकती है और केंद्र तथा राज्यों से सहयोग बढ़ने की संभावना है। उनके अनुभव का लाभ खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण ढांचा विकसित करने में मिल सकता है।

संघ से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि चेयरमैन के रूप में सिकंदर कुमार संघ को रणनीतिक मार्गदर्शन देंगे, जिससे भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और अधिक पदक हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ें। इससे खिलाड़ियों का मनोबल भी मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

संघ ने अपने संदेश में कहा है कि प्रो. सिकंदर कुमार का सार्वजनिक जीवन का अनुभव और खेलों के प्रति उनकी रुचि संघ के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उम्मीद जताई गई है कि उनके मार्गदर्शन से जमीनी स्तर पर ग्रैपलिंग खेल को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के प्रयास भी मजबूत होंगे। उनकी नियुक्ति का हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है।

गौरतलब है कि भारतीय ग्रैपलिंग संघ को विश्व कुश्ती की प्रमुख संस्था युनाइटेड वर्ल्ड रेशलिंग से मान्यता प्राप्त है। खेल जगत में ग्रैपलिंग को भविष्य में संभावित ओलंपिक खेलों में शामिल किए जाने की संभावना के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस पद पर उनकी नियुक्ति भारत के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story