मल्हार उत्सव: सावन की फुहारों के बीच बिखेरी संगीत और सांस्कृतिक विविधता की छटा

WhatsApp Channel Join Now
मल्हार उत्सव: सावन की फुहारों के बीच बिखेरी संगीत और सांस्कृतिक विविधता की छटा


मंडी, 11 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय महाविद्यालय पनारसा के संगीत विभाग द्वारा मल्हार उत्सव का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। सावन की फुहारों के बीच संगीत और सांस्कृति विविधता की अनूठी छटा इस उत्सव के माध्यम से बिखेरी गई। इस अवसर पर मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उरसेम लता ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में राग मल्हार पर आधारित मनमोहक संगीत प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने वातावरण को सावन की मधुर फुहारों से सराबोर कर दिया। संगीत विभाग द्वारा प्रस्तुत राग मल्हार कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से राग मल्हार की भाव-भूमि एवं सौंदर्य को अभिव्यक्त करने वाली अभिनव फैशन शो ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा पत्रिका हरकारा का विमोचन किया गया, जिसका प्रकाशन हिमतरु प्रकाशन एवं निर्मला कॉलेज, केरल के साथ हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत किया गया है। साथ ही महाविद्यालय की आईक्यूएसी द्वारा तैयार मानसिक स्वास्थ्य नीति पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।

अपने संबोधन में अपूर्व देवगन ने संगीत विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि अपने कम्फर्ट जोन से निकलकर आप नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं इसलिए अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर कभी मत छोड़ें थोड़ी सी मेहनत और थोड़ा सा आत्मविश्वास आपको आय अवसर प्रदान कर सकता है अपने व्यस्त कार्यक्रम और खराब रास्तों के बावजूद मुख्य अतिथि द्वारा महाविद्यालय को दिया गया बहुमूल्य समय सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story