25 जुलाई को गौतम नर्सिंग कॉलेज में होंगी नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा संचालित राष्ट्रीय अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के तहत 25 जुलाई को गौतम नर्सिंग कॉलेज, हमीरपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा विकसित भारत @2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। बढ़ते नशे की चुनौती के बीच यह अभियान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहा है।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के अंतर्गत भाषण, निबंध लेखन, कविता लेखन, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, क्विज़ तथा शॉर्ट वीडियो सहित आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के युवा प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नशा मुक्त भारत का संदेश प्रसारित करेंगे।

जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं।

जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने चयनित प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होने का आग्रह किया है। उन्होंने जिले के युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story