उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की गैस आपूर्ति की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने की गैस आपूर्ति की समीक्षा


हमीरपुर, 23 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्य विभागों के अधिकारियों तथा गैस एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक करके जिला में रसोई गैस की आपूर्ति की समीक्षा की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला में 10 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,63,343 घरेलू गैस कनेक्शन धारकों और 3339 व्यावसायिक गैस कनेक्शनधारकों को सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिला में घरेलू कनेक्शनधारकों के लिए अभी सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति हो रही है। इसलिए, ये कनेक्शनधारक अफवाहों पर विश्वास न करें और सिलेंडरों की रि-फिलिंग के लिए बेवजह अफरा-तफरी न मचाएं तथा गैस एजेंसी संचालकों का सहयोग करें।

उपायुक्त ने कहा कि सिलेंडर की बुकिंग के लिए आईओसी ने 25 दिन की अवधि निर्धारित की है। दूरदराज क्षेत्रों की एजेंसियों के लिए यह अवधि 45 दिन रखी गई है। सभी उपभोक्ता इसके अनुसार ही बुकिंग करवाएं।

गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला में व्यावसायिक सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आईओसी के फील्ड अधिकारी को व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी, अन्य स्कूलों और अस्पतालों को पहले से ही विशेष रूप से छूट प्रदान की गई है तथा इनमें घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है। एनआईटी के लिए विशेष रूप से व्यावसायिक सिलेंडरों का प्रबंध किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ढाबों, होटलों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए आईओसी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। ये व्यापारिक प्रतिष्ठान और अन्य संस्थान कैरोसिन एवं अन्य वैकल्पिर्क इंधन का उपयोग कर सकते हैं। अगर किसी व्यवसायी या संस्थान को कैरोसिन की आवश्यकता है तो वह विभाग से संपर्क कर सकता है।

उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अगर उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ के कारण किसी गैस एजेंसी की गाड़ी की मूवमेंट में कोई दिक्कत आ रही है तो उसकी तत्काल मदद करें।

बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने गैस की आपूर्ति की ताजा स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story