गांधी जयंती पर शिमला में निकाली प्रभात फेरी

WhatsApp Channel Join Now
गांधी जयंती पर शिमला में निकाली प्रभात फेरी


शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार सुबह शिमला में सीटीओ चौक से शेरे पंजाब होते हुए रिज मैदान तक प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रभात फेरी के दौरान देशभक्ति एवं गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन किया गया। प्रतिभागियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, तहसीलदार शिमला शहरी नारायण वर्मा, डीएसपी विक्रम चौहान सहित सर्वोदय बाल आश्रम रॉकवुड के बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रभात फेरी के माध्यम से उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और स्वच्छता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story