भुट्टिको परिसर में गांधी और शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भुट्टिको परिसर में गांधी और शास्त्री जयंती पर कार्यक्रम आयोजित


कुल्लू, 2 अक्टूबर (हि.स.)। भुट्टिको परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सभा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, आदर्शों और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों और सहकारिता की भावना को अपनाकर भुट्टिको राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श संस्था के रूप में पहचान बनाने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि संस्था की इस यात्रा में स्वर्गीय ठाकुर वेदराम का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पावरलूम सेक्टर से हथकरघा उद्योग को मिल रही चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। सभा के अधिकारियों, कर्मचारियों और बुनकरों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर भुट्टिको के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, निदेशक मंडल के सदस्य, मुख्य महाप्रबंधक सूरती देवी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बुनकर सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story