गेयटी थिएटर में ‘डेढ़ इंच ऊपर’ का मंचन, अकेलेपन के दर्द ने दर्शकों को किया भावुक

WhatsApp Channel Join Now
गेयटी थिएटर में ‘डेढ़ इंच ऊपर’ का मंचन, अकेलेपन के दर्द ने दर्शकों को किया भावुक


गेयटी थिएटर में ‘डेढ़ इंच ऊपर’ का मंचन, अकेलेपन के दर्द ने दर्शकों को किया भावुक


शिमला, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पत्नी से बिछड़ने का दर्द, अतीत की यादें और अकेलेपन से जूझते एक बुजुर्ग की मनःस्थिति सोमवार को शिमला के गेयटी थिएटर के मंच पर जीवंत हो उठी। निर्मल वर्मा की चर्चित कहानी पर आधारित नाटक ‘डेढ़ इंच ऊपर’ ने दर्शकों को रिश्तों की जटिलताओं और जीवन की भावनात्मक पीड़ा से रूबरू कराया। कलाकारों के अभिनय, संगीत और प्रकाश व्यवस्था ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।

यह नाटक चतुर्थ पद्मश्री कलाऋषि बाबा योगेन्द्र बहुभाषीय नाट्य महोत्सव के दूसरे दिन प्रस्तुत किया गया। दिल्ली की आर्ट्स न्यू वे ऑर्गेनाइजेशन की ओर से मंचित इस नाटक का निर्देशन कुलदीप वशिष्ठ ने किया। कहानी का मुख्य पात्र एक बुजुर्ग व्यक्ति है, जो अपनी पत्नी की गिरफ्तारी और उससे बिछड़ने के बाद अकेले जीवन बिता रहा है।

बीयर बार में एक अनजान व्यक्ति से बातचीत के दौरान वह अपने अतीत, पत्नी की यादों और जीवन में झेली गई पीड़ा को साझा करता है। नाटक में स्मृतियों के बोझ और अकेलेपन के बीच जी रहे व्यक्ति की भावनाओं को संवेदनशील तरीके से पेश किया गया। नाटक के मुख्य किरदार में केशव आर्या ने अपने अभिनय से दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

निर्भय कर्तव्य, लक्षिका, रितिश छाबड़ा और वीना बंसल ने भी अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाया। मुकेश झा के तैयार किए संगीत ने कहानी के भावनात्मक पक्ष को उभारने में मदद की। वहीं, अशोक जी की प्रकाश व्यवस्था ने अलग-अलग दृश्यों के प्रभाव को बढ़ाया। रिजवान रजा ने प्रस्तुति नियंत्रक के रूप में जिम्मेदारी निभाई। कलाकारों के अभिनय और मंच पर किए गए संगीत व प्रकाश के संयोजन से कहानी के भाव दर्शकों तक पहुंचे।

पांच दिवसीय इस नाट्य महोत्सव का आयोजन अपस्टेज आर्ट ग्रुप, दिल्ली की ओर से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, दिल्ली और गेयटी थिएटर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार 20 अक्टूबर को ‘लोक नायिका (नाचनी)’ नाटक का मंचन होगा। भानु भारती लिखित इस नाटक का निर्देशन मधुर भाटिया करेंगे और डॉ. मनीष जोशी इसके डिजाइनर हैं।

नाटक में डॉ. राखी जोशी अभिनय करेंगी। इसकी प्रस्तुति कलाधनिका नृत्य नाट्य संस्था समिति भोपाल की ओर से दी जाएगी। महोत्सव के तहत हर दिन शाम पांच बजे गेयटी थिएटर में नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। इसमें साहित्यिक कृतियों, विभिन्न रंगमंचीय परंपराओं और सामाजिक विषयों को मंच के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763367 Articles

Share this story