40 साल पुरानी केंद्रीय बिजली परियोजनाओं से हिमाचल को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी

WhatsApp Channel Join Now
40 साल पुरानी केंद्रीय बिजली परियोजनाओं से हिमाचल को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी


शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के जल संसाधनों से होने वाली आय बढ़ाने के लिए स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी दी है। इस संशोधन के तहत एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी जैसी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों की जलविद्युत परियोजनाओं को संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी। इसके बाद परियोजना के संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर सभी देनदारियां पूरी करने के बाद उसे बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि मौजूदा नीति के अनुसार जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और अंतिम 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलती है। 30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। इसके चलते एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की पहले से संचालित परियोजनाओं से अतिरिक्त रॉयल्टी लेने का मामला इस व्यवस्था में शामिल नहीं हो पा रहा था। अब नीति में संशोधन कर इन परियोजनाओं को भी इसके दायरे में लाया गया है।

प्रवक्ता के अनुसार इस संशोधन के दायरे में एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजना तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसमें शामिल हैं। बैरा स्यूल परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसके व्यावसायिक संचालन के 40 वर्ष से अधिक हो चुके हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि संशोधित प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।

इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर प्रदेशवासियों को उनका उचित लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जलविद्युत राज्य की आय का प्रमुख स्रोत है और इससे होने वाले लाभों में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में वृद्धि से प्रदेश की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। इससे विकासात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story