एक ही दिन चार परीक्षाएं, असमंजस में अभ्यर्थी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 06 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 29 नवंबर को एक ही दिन चार अलग-अलग परीक्षाएं और भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित होने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। इस दिन हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट, हिमाचल प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचपी टेट), पटवारी भर्ती परीक्षा और हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की परीक्षा आयोजित होनी है। चारों परीक्षाओं की तिथियां एक होने से उन युवाओं के लिए मुश्किल पैदा हो गई है, जिन्होंने एक से अधिक परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। ऐसे अभ्यर्थियों को किसी एक परीक्षा या भर्ती प्रक्रिया से वंचित होना पड़ सकता है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों और पात्रता परीक्षाओं के लिए बड़ी संख्या में युवा लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं। कई युवाओं ने पुलिस भर्ती, पटवारी भर्ती, शिक्षक पात्रता परीक्षा और हाईकोर्ट की परीक्षा के लिए आवेदन किया है। उन्हें उम्मीद थी कि अलग-अलग परीक्षाओं में शामिल होकर सरकारी नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। अब चारों की तिथि एक ही दिन होने से उनके सामने किसी एक परीक्षा को चुनने की स्थिति बन गई है। विशेष रूप से पुलिस भर्ती का ग्राउंड टेस्ट और लिखित परीक्षाएं अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण एक ही दिन सभी प्रक्रियाओं में शामिल होना संभव नहीं होगा।

अभ्यर्थियों ने संबंधित विभागों और भर्ती एजेंसियों से परीक्षा कार्यक्रम में समन्वय करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करते समय अन्य विभागों की भर्ती प्रक्रियाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। एक ही दिन कई परीक्षाएं आयोजित होने से उन युवाओं को नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिन्होंने सभी परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है और लंबे समय से उनकी तैयारी कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि 29 नवंबर को निर्धारित परीक्षाओं में से कुछ की तिथियां बदली जाएं, जिससे सभी को अपनी योग्यता साबित करने का समान अवसर मिल सके। उनका कहना है कि संबंधित विभागों को इस मामले में जल्द निर्णय लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story