राज्यपाल ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बुधवार को लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश में रह रहे इन दोनों राज्यों के लोगों को पारंपरिक हिमाचली टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने इन राज्यों की समृद्ध संस्कृति, विरासत, रीति-रिवाजों और परंपराओं पर विस्तृत चर्चा भी की। लेडी गवर्नर एवं राज्य रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष जानकी शुक्ला भी इस अवसर पर उपस्थित थी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करने तथा लोगों में भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का प्रत्येक राज्य अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान रखता है। इस विविधता में एकता के दर्शन होते हैं। यह देश की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और जीवन-शैलियों से परिचय आपसी समझ को बढ़ाता है और राज्यों के बीच संबंधों को मजबूत करता है।

अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के लोगों ने राज्यपाल के साथ अपने अनुभव साझा किए और आत्मीय आतिथ्य सत्कार के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story