हिमाचल भवन को राजनीतिक अड्डा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण, प्रदेश पर कर्ज का बोझ और दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा रही सुक्खू सरकार : अनुराग सिंह ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जमावड़े पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता पहले से ही संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं और अब हिमाचल भवन को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जा रहा है। यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने इस सरकारी परिसर का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया हो।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को प्रभावित करने वाला शर्टलेस प्रदर्शन किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर आरोप लगाते हुए कहा कि उस समय भी प्रदर्शन के बाद वहां से निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पहले हिमाचल भवन और फिर हिमाचल प्रदेश में संरक्षण दिया गया।

उन्होंने कहा कि आज एक बार फिर मंडी हाउस स्थित हिमाचल भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा है। करीब 200 से 250 लोगों की मौजूदगी के कारण आम लोगों को परिसर में आने-जाने में परेशानी हो रही है। हिमाचल प्रदेश के अधिकारियों, नेताओं और अन्य लोगों को भी परिसर में प्रवेश करने तथा बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल भवन प्रदेश के लोगों और सरकारी कार्यों के लिए है, न कि राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के लिए। एक ओर प्रदेश सरकार पर लगातार बढ़ते कर्ज का बोझ है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली में स्थित हिमाचल भवन का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विरोध-प्रदर्शनों के नाम पर मर्यादाओं की सीमाएं लांघ रही है और इससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिसरों का उपयोग जनहित और प्रशासनिक कार्यों के लिए होना चाहिए। राजनीतिक गतिविधियों के कारण आम नागरिकों और सरकारी अधिकारियों के कामकाज में बाधा उत्पन्न होना उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story