मेरे निरीक्षण और दिशा बैठक में मुद्दा उठाने के बाद सरकार हरकत में आई, जल्दबाजी में मेडिकल कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री : अनुराग सिंह ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मेरे निरीक्षण और दिशा बैठक में मुद्दा उठाने के बाद सरकार हरकत में आई, जल्दबाजी में मेडिकल कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री : अनुराग सिंह ठाकुर


हमीरपुर, 23 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में हमीरपुर के गांधी चौक पर जिला भाजपा द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित विधायक आशीष शर्मा, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री एवं डॉ. अनिल धीमान और जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा में निरंतर वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए शासन के दौरान भ्रष्टाचार और नीतिगत अस्थिरता के कारण देश की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है।

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनावों में मिली निराशा के बाद मुख्यमंत्री तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी परियोजना की घोषणा करना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसके लिए वित्तीय प्रावधान और गंभीर प्रयास भी आवश्यक होते हैं। उनके अनुसार आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले मेडिकल कॉलेज की घोषणा तो कर दी गई थी, लेकिन उसके लिए बजट का कोई समुचित प्रबंध नहीं किया गया था।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 180 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की थी। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद न तो समय रहते भूमि उपलब्ध करवाई गई और न ही परियोजना को गति देने के लिए अपेक्षित प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि बाद में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया।

प्रदेश सरकार पर वित्तीय प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सांसद ने कहा कि कई परियोजनाओं में राज्य सरकार समय पर अपनी हिस्सेदारी का भुगतान नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनके द्वारा मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने और दिशा बैठक में इस विषय को प्रमुखता से उठाने के बाद ही सरकार सक्रिय हुई। उनके अनुसार इसके बाद मुख्यमंत्री ने जल्दबाजी में मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और अब इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार विकास कार्यों की गति बढ़ाने के बजाय जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज की प्रगति भाजपा सरकारों के प्रयासों का परिणाम है और प्रदेश की जनता इस तथ्य से भलीभांति परिचित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story