मेडिकल कॉलेज का झूठा श्रेय लेने से पहले मुख्यमंत्री हमीरपुर के स्पाइस पार्क का हिसाब दें : विजय अग्निहोत्री
हमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। पूर्व विधायक एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करने और झूठे प्रचार के सहारे अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री और उनके चाटुकार विधायक हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का झूठा श्रेय लेने में व्यस्त हैं, उन्हें सबसे पहले प्रदेश की जनता को यह जवाब देना चाहिए कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में किया गया स्पाइस पार्क का वादा आज तक धरातल पर क्यों नहीं उतर सका।
अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले हमीरपुर में स्पाइस पार्क स्थापित करने का वादा किया था। सत्ता में आए साढ़े तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन किसानों और युवाओं को रोजगार देने वाला यह तथाकथित ड्रीम प्रोजेक्ट आज भी केवल कागजों, बैठकों, एमओयू और घोषणाओं तक ही सीमित है। यदि मुख्यमंत्री में नैतिक साहस है तो वे स्पष्ट करें कि स्पाइस पार्क का वास्तविक निर्माण कब शुरू होगा और हमीरपुर के किसानों को इसका लाभ आखिर कब मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके समर्थक मेडिकल कॉलेज के नाम पर झूठी राजनीति कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को वास्तविक रूप देने का श्रेय पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के अथक प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि 1 मार्च 2014 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने मेडिकल कॉलेज के संबंध में केंद्र सरकार के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करने का निर्णय लिया, लेकिन मात्र चार दिन बाद 5 मार्च 2014 को लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। घटनाक्रम स्वयं साबित करता है कि कांग्रेस ने यह कदम केवल चुनावी दिखावे और औपचारिकता के लिए उठाया था। न पर्याप्त बजट था, न गंभीर इच्छाशक्ति और न ही परियोजना को आगे बढ़ाने का कोई ठोस रोडमैप।
अग्निहोत्री ने कहा कि सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि ठीक 5 मार्च 2014 को ही वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के बड़ा क्षेत्र में स्पाइस पार्क का उद्घाटन कर इसे अपना 'ड्रीम प्रोजेक्ट' बताया था और किसानों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। आज बारह वर्ष बाद प्रदेश की जनता पूछ रही है कि वह स्पाइस पार्क आखिर कहां है? क्या वह केवल शिलान्यास और फोटो खिंचवाने तक सीमित था? यदि मेडिकल कॉलेज के मामले में केवल एमओयू के आधार पर कांग्रेस श्रेय मांगती है, तो फिर अपने तथाकथित ड्रीम प्रोजेक्ट स्पाइस पार्क पर मुख्यमंत्री की चुप्पी क्यों है?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

