मंडी शहर को फोरलेन जोड़ने वाली सड़क हुई खस्ताहाल, वाहन चालक व सवारियां परेशान

WhatsApp Channel Join Now
मंडी शहर को फोरलेन जोड़ने वाली सड़क हुई खस्ताहाल, वाहन चालक व सवारियां परेशान


मंडी, 13 अगस्त (हि.स.)। मंडी शहर को किरतपुर मनाली फोरलेन से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि यह वर्तमान व्यवस्था के लिए किसी कलंक से कम नहीं लग रहा है। महज डेढ़ किलोमीटर लंबी यह सड़क जो पुलघराट से जरली फोरलेन की टनल तक है नाले में बदल चुकी है। मंडी से सुंदरनगर बल्ह घाटी चंडीगढ़ दिल्ली शिमला, हमीरपुर की ओर जाने आने वाले वाहन चालक इसका ही प्रयोग करते हैं क्योंकि टनल तक फोरलेन की सुविधा है।

दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि इस डेढ़ किलोमीटर सड़क जो कांगणी जंगल से होकर बनी है को लोक निर्माण विभाग ने फोरलेन से जुड़ने के बाद थोड़ा सा चौड़ा तो कर दिया मगर इसे सोलिंग करके पक्का नहीं किया गया। फोरलेन पिछले दो सालों से चल रहा है मगर इस सड़क जिससे होकर दिन में हजारों वाहन गुजरते हैं, पर्यटक जो मंडी शहर आना चाहते हैं वह भी इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं, वीआईपी, सरकारी वाहन, रोजमर्रा के वाहन भी यहीं से होकर आते हैं , को बार बार मिट्टी पत्थर बिछा कर लीपा पोती की जाती है। इससे यह सड़क और अधिक खराब हो गई है।

फोरलेन बनने से पहले इससे होकर बल्ह घाटी व सुंदरनगर की ओर जाने वाले वाहन जाते थे तब यह तंग जरूर थी मगर पक्की थी मगर अब न तो पक्की ही बची है और जो है वह नाले की तरह है। गड्ढे ही गड्ढे इस सड़क में नजर आते हैं जिनमें जरा सी भी बरसात में गंदा पानी भर जाता है। दो पहिया वाहन चालकों के लिए तो यह बेहद खतरनाक हो गई है। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग बार बार यही कहता है कि बजट नहीं है। केंद्र सरकार को इसका प्लान भेजा गया है और वहां से पैसा आने पर ही इसे पक्का किया जा सकेगा। कुछ भी हो मंडी जैसे शहर को जोड़ने वाली यह सड़क व्यवस्था के नाम पर कलंक की तरह हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story