शादी का झांसा देकर लाखों के गहने साफ, नाहन मेडिकल कॉलेज से मां-बेटी फरार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 22 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के हरिपुरधार इलाके में शादी तय होने के तुरंत बाद एक युवती और उसकी मां द्वारा लाखों रुपये के गहने लेकर चंपत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से पीड़ित परिवार स्तब्ध है और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर धोखाधड़ी का मामला कायम करने और अपने कीमती आभूषणों की जल्द बरामदगी की मांग उठाई है। शिकायत दर्ज होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की गंभीरता से तहकीकात कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल्ली निवासी विपिन वालिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि बीते 17 अगस्त को उनके भाई विशाल वालिया के विवाह के सिलसिले में एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया था। इसके बाद अरविंद नामक बिचौलिए के माध्यम से 21 अगस्त को उन्हें लड़की देखने और रिश्ता पक्का करने के उद्देश्य से सिरमौर के हरिपुरधार बुलाया गया। तय समय के अनुसार पीड़ित परिवार हरिपुरधार पहुंचा, जहां एक गेस्ट हाउस में युवती से मुलाकात के बाद दोनों पक्षों की सहमति से रिश्ता तय कर दिया गया।

रिश्ता पक्का होने के बाद परंपरा और शगुन के तौर पर शिकायतकर्ता की माता ने होने वाली बहू को लगभग 2.20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण भेंट किए। इन आभूषणों में एक सोने का पेंडेंट, सोने की अंगूठी और हीरे की ईयर-रिंग्स शामिल थीं। इसके अलावा, रिश्ता कराने के एवज में बिचौलिए को भी 31 हजार रुपये की नकद राशि दी गई। शादी की तारीख अगले ही दिन यानी 22 अगस्त तय की गई थी, जिसके चलते युवती, उसकी मां और बिचौलिया पीड़ित परिवार के साथ दिल्ली जाने के लिए राजी हो गए।

हालांकि, दिल्ली के सफर के दौरान ही युवती और उसकी मां ने एक सोची-समझी योजना के तहत नाहन मेडिकल कॉलेज में कार्यरत अपने भाई (युवती के चाचा) से मिलने की इच्छा जताई। अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों मां-बेटी परिजनों को चकमा देकर गहनों समेत वहां से रफूचक्कर हो गईं। काफी देर इंतजार करने के बाद जब वे वापस नहीं लौटीं, तब पीड़ित परिवार को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस टीम अब इस पूरे प्रकरण में युवती, उसकी मां और बिचौलिए की भूमिका की गहनता से पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही कथित तौर पर दिए गए कीमती गहनों का सुराग लगाने और पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story