सुबह सवेरे वन विभाग की कार्रवाई, कई ट्राले पकड़े तो कई खनन सामग्री सड़क पर फेंक भागे, हाईवे पर लगे ढेर

WhatsApp Channel Join Now
सुबह सवेरे वन विभाग की कार्रवाई, कई ट्राले पकड़े तो कई खनन सामग्री सड़क पर फेंक भागे, हाईवे पर लगे ढेर


नाहन, 20 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के वन मंडल नाहन के तहत आने वाली तीन रेंजों में बुधवार तड़के अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। डीएफओ नाहन के निर्देश पर नाहन, कोलर और त्रिलोकपुर रेंज की टीमें एक साथ अलग-अलग इलाकों में सुबह सवेरे सड़कों पर उतरीं। इस दौरान टीमों ने कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब क्षेत्रों में नाके लगाए। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि कई ट्राला संचालक खनन सामग्री नेशनल हाईवे पर ही फेंककर मौके से फरार हो गए।

वन मंडलाधिकारी नाहन अवनी भूषण राय खुद भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। विभाग की टीमें तड़के करीब 3 बजे से ही सक्रिय हो गई थीं और सुबह 7 बजे तक कार्रवाई जारी रही। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध खनन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

इस दौरान विभाग की टीमों ने 5 ट्राले कब्जे में लिए हैं, वहीं एक ट्राला कंपाउंड किया है। जो वाहन मौके से भागे, उनकी पड़ताल जारी है। विभाग को सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्रों में कई जगहों पर रेत, बजरी और पत्थरों के ढेर नेशनल हाईवे किनारे पड़े मिले। मामले की सूचना संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी गई है।

डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि विभाग इस कार्रवाई संबंधी अन्य औपचारिकताओं में जुटा है। तड़के हुई इस कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। विभाग ने आधा दर्जन वाहनों को कब्जे में लिया है और एक वाहन कंपाउंड किया है। कुछ वाहन जो मौके से भागे, उनकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story