विदेश में रोजगार के लिए हिमाचल सरकार की नई पहल, शुरू होंगे विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
विदेश में रोजगार के लिए हिमाचल सरकार की नई पहल, शुरू होंगे विदेशी भाषा के पाठ्यक्रम


शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं को भाषा की बाधा से बाहर निकालने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से विदेशी भाषाओं के पाठ्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि युवाओं को भाषा का प्रशिक्षण मिले और उन्हें विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हों।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से कुशल युवाओं को विदेशों में रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने के लिए नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशों में काम कर रहे हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और उनके कल्याण को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित कर रही है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए विदेशों में रह रहे युवाओं से संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार अन्य देशों में भी रोजगार के नए अवसर तलाश रही है, जिससे युवाओं को बेहतर वेतन पैकेज मिल सके और उनके साथ किसी प्रकार का शोषण न हो। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार एचपीएसईडीसी के लिए भर्ती एजेंसी का लाइसेंस भी प्राप्त कर चुकी है।

मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग को निर्देश दिए कि विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं का विवरण प्रभावी निगरानी के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अपलोड किया जाए। उन्होंने जनजातीय विकास विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) से जुड़े सभी मामलों की स्थिति भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर उपलब्ध कराई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story