फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम : सिरमौर के 275 स्कूलों को ‘फुटबाल वितरित

WhatsApp Channel Join Now
फुटबॉल फॉर स्कूल’ कार्यक्रम : सिरमौर के 275 स्कूलों को ‘फुटबाल वितरित


नाहन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। सिरमौर जिले के पीएम श्री स्कूल, जेएनवी नाहन में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ पहल के तहत सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और जिले के 275 स्कूलों के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई फीफा फुटबॉल वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें बेहतर अवसरों से जोड़ना बताया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भारत सरकार की यह पहल शिक्षा और खेल के बीच की दूरी को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उनके अनुसार ‘फुटबॉल फॉर स्कूल’ अभियान से सिरमौर के सरकारी स्कूलों के हजारों बच्चों को उच्च गुणवत्ता की फुटबॉल उपलब्ध होगी, जिससे वे शारीरिक रूप से फिट रहने के साथ-साथ टीम भावना भी सीखेंगे।

यह कार्यक्रम शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, FIFA और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के संयुक्त प्रयासों का हिस्सा है। देशभर में करीब 11 लाख फुटबॉल वितरित करने के लक्ष्य के साथ इसे दुनिया का अपनी तरह का सबसे बड़ा खेल-आधारित शैक्षिक अभियान बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story