मुख्यमंत्री ने चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण को दिखाई झंडी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण को दिखाई झंडी


शिमला, 21 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिला के तपोवन, धर्मशाला से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना’ के अंतर्गत जिला के विभिन्न बाल देखभाल संस्थानों (सीसीआई) में रह रहे 41 बच्चों के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण दल को झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस भ्रमण दल में जिला के चार बाल देखभाल संस्थानों के बच्चे शामिल हैं। इनमें सीसीआई सलियाणा के 11, सीसीआई तितली के नौ, सीसीआई दाड़ी के पांच तथा सीसीआई गरली के 16 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और यात्रा के दौरान समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ आवश्यक स्टाफ भी भेजा गया है।

यह पांच दिवसीय भ्रमण पालमपुर से शुरू होगा तथा इसके दौरान बच्चों को देश की राजधानी दिल्ली, आगरा, फतेहपुर सीकरी और जयपुर सहित अनेक ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से बच्चों को देश की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत, सांकृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। बच्चों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था तीन सितारा होटलों में की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना केवल एक कल्याणकारी योजना नहीं है, बल्कि यह अनाथ एवं असहाय बच्चों को माता-पिता का स्नेह, भावनात्मक संबल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रति सरकार के संकल्प का प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story