अवैध मत्स्य शिकार एवं बिक्री पर कार्रवाई, 65 किलोग्राम पंगास मछली जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध मत्स्य शिकार एवं बिक्री पर कार्रवाई, 65 किलोग्राम पंगास मछली जब्त


मंडी, 14 मई (हि.स.)। मत्स्यिकी विभाग, मत्स्य मंडल मंडी के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने जिले में अवैध मत्स्य शिकार एवं बिक्री से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी रोकथाम हेतु कड़े कदम उठाए हैं। सहायक निदेशक, मत्स्य का अतिरिक्त कार्याभार संभाल रहे वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी ऋचा गुप्ता ने बताया कि जिले में कुछ मछली विक्रेता बिना बिल और आवश्यक दस्तावेजों के अवैध रूप से मछली लाकर बेच रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए नेरचौक, रत्ती एवं कनैड में गत दिनों गश्त की गई तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई गई। निरीक्षण के दौरान मछली विक्रेताओं द्वारा अवैध रूप से बेची जा रही 65 किलोग्राम पंगास मछली जब्त की गई तथा कुल 8,700 रूपए का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी ऋचा गुप्ता ने सभी मछली विक्रेताओं से अपील की है कि वे अवैध मत्स्य बिक्री से बचें। जो भी मछली विक्रेता अवैध मत्स्य बिक्री करते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मत्स्य अधिनियम, 1976 तथा मत्स्य नियमावली, 2020 के अंतर्गत दोषियों के विरुद्ध अवैध मछली बिक्री के मामलों में प्रकरण दर्ज कर भारी जुर्माना वसूलने का प्रावधान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story