भाजपा जिला शिक्षक प्रकोष्ठ की पहली संगठनात्मक बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा जिला शिक्षक प्रकोष्ठ की पहली संगठनात्मक बैठक आयोजित


हमीरपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार भारतीय जनता पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ की पहली संगठनात्मक बैठक हमीरपुर बस अड्डे के समीप भाजपा कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक का आयोजन जिला शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक यशबीर जम्वाल की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें जिला के सभी सह-संयोजक, मंडल संयोजक एवं सह-संयोजक, प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा भाजपा जिला कार्यालय सचिव होशियार सिंह उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक प्रकोष्ठ भाजपा संगठन की वैचारिक शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है, जो शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्ग न केवल ज्ञान का प्रसार करता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाते हुए युवा पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकोष्ठ के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार और संगठन के समक्ष रखा जा सकता है।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षक प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ के समान है, जो पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को बौद्धिक वर्ग तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के माध्यम से समाज में जागरूकता का विस्तार होता है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलती है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सजग रहकर समाज के मार्गदर्शन का कार्य करें।

जिला संयोजक यशबीर जम्वाल ने कहा कि शिक्षक प्रकोष्ठ का गठन शिक्षकों को एक सशक्त मंच प्रदान करता है, जहां वे अपने विचारों और सुझावों को साझा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रकोष्ठ संगठन और शिक्षा जगत के बीच एक सेतु का कार्य करेगा, जिससे दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकोष्ठ के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा जिला बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की प्रथम संगठनात्मक एवं परिचयात्मक बैठक का आयोजन कल, 18 अप्रैल को बाईपास रोड हमीरपुर स्थित बसंत रिज़ॉर्ट में प्रातः 11:00 बजे से किया जा रहा है। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story