मणिकर्ण घाटी में हुए अग्निकांड में सवा करोड़ की संपति रख

WhatsApp Channel Join Now
मणिकर्ण घाटी में हुए अग्निकांड में सवा करोड़ की संपति रख


मणिकर्ण घाटी में हुए अग्निकांड में सवा करोड़ की संपति रख


कुल्लू, 08 दिसंबर (हि.स.)। मणिकर्ण घाटी में हुए भयंकर अग्निकांड में बहु मंजिला मकान के साथ देवता का भंडार आग की भेंट चढ़ गया। अग्निशमन कर्मियों व स्थानीय लोगों के प्रयासों के कारण साथ लगती करोड़ों की संपति को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। जिस जगह अग्निकांड हुआ वह सड़क मार्ग से काफी दूरी पर था जिस कारण घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 1 घंटा का समय लग गया अन्यथा अग्निकांड से हुए नुकसान को कम किया जा सकता था।

यह अग्निकांड मध्यरात्रि को हुआ जब डडैई गांव में अचानक आग की लपटें उठने लगी। काष्ठ कुणी शैली के मकान होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आग की सूचना मिलते ही गांव में अफरा तफरी मच गई। गांव सड़क मार्ग से अधिक दूरी पर होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लग गया। लकड़ी निर्मित मकानों में आग तेजी से फैलते हुए देवता के भंडार तक पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब 5 घंटे तक की गई कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया।

अग्निशमन अधिकारी टीकम राम ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निकांड के कारण प्यारे चन्द ओर उसके परिजनों का तीन मंजिला मकान जिसमें 12 कमरे ओर 2 हाल शामिल थे, राख के ढेर में तब्दील हो गया। आग के कारण करीब 40 लाख के नुकसान होने का अनुमान है। वहीं इस अग्निकांड में श्याम सुंदर का 18 कमरों तथा 2 हाल वाला तीन मंजिला मकान भी राख के ढेर में बदल गया। आग के कारण श्याम सुंदर को करीब 50 लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने बताया कि देवता नारायण तथा सहयोगी देवता अठारह पेड़े का भंडार, 4 मंजिला काष्ठ कुनी शैली का, लंगर सराय तथा देवता के बर्तन आग में जल गए। आग के कारण करीब 30 लाख रुपए के नुकसान होने का अनुमान है। इस अग्निकांड में कुल करीब सवा करोड़ की संपति के नष्ट होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त इस अग्निकांड में साथ लगते मकानों को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story