पांवटा साहिब में घर के बाहर खड़ी कार को लगाई आग, हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पांवटा साहिब में घर के बाहर खड़ी कार को लगाई आग, हरियाणा के दो युवक गिरफ्तार


नाहन, 14 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में घर के बाहर खड़ी कार में आग लगाने के मामले में पुलिस ने हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जानकारी के अनुसार, रणजीत सिंह पुत्र डॉ. मनमोहन सिंह निवासी वार्ड नंबर-8, कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 3 और 4 मई की मध्यरात्रि करीब दो बजे शोर और धुएं के कारण उनकी नींद खुली। जब वह घर के गेट की ओर पहुंचे तो देखा कि उनकी कार नंबर HP17G-1000 आग की लपटों में घिरी हुई थी।

उन्होंने पड़ोसियों की मदद से किसी तरह गाड़ी को बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। बाद में जब घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो पता चला कि दो बाइकों पर सवार पांच युवक आए थे। आरोपियों ने घर के गेट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर कार को आग लगाई और मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने धारा 326(g), 324(4) और 3(5) बीएनएस के तहत थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सेल पांवटा साहिब और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से पुलिस ने 13 मई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल (21) पुत्र विजय कुमार निवासी गांव भगवानपुर, डाकघर फतेहपुर, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) तथा निखिल (21) पुत्र सतपाल निवासी गांव बुढ़िया चुंगी, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले के अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story