राजगढ़ बाजार में खड़ी कार में अचानक भड़की आग

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 22 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर के राजगढ़ बाजार में रविवार सुबह पुराने बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक मारुति कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। यदि समय रहते आग को नियंत्रित नहीं किया जाता तो यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी।

इस घटना ने एक बार फिर राजगढ़ क्षेत्र में फायर स्टेशन की कमी को उजागर कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि इतने वर्षों के बाद भी राजगढ़ में दमकल विभाग का न तो कोई कार्यालय है और न ही यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में आग की घटनाओं के समय लोगों को अपने स्तर पर ही हालात से निपटना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस के नेता वर्षों से राजगढ़ में फायर स्टेशन खोलने के बड़े-बड़े वादे करते आए हैं, लेकिन आज तक ये वादे केवल भाषणों और कागजों तक ही सीमित रहे हैं। चुनाव के समय नेता जनता से वादे कर सत्ता तो हासिल कर लेते हैं, लेकिन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story