नाहन चौगान में पटाखों की बिक्री के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, तीन दिन से तैनात है फायर टैंकर

WhatsApp Channel Join Now
नाहन चौगान में पटाखों की बिक्री के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, तीन दिन से तैनात है फायर टैंकर


नाहन, 08 नवंबर (हि.स.)। प्रकाश पर्व दीपावली रविवार को पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर पटाखों और आतिशबाजी की मांग को देखते हुए सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के चौगान में प्रशासन की ओर से पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थल बनाया गया है। यहां नियमानुसार सुबह से ही पटाखों की बिक्री जारी है और लोग बड़ी संख्या में आतिशबाजी की खरीदारी कर रहे हैं।

पटाखों की बिक्री के दौरान किसी भी तरह की आगजनी या अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। चौगान में पिछले तीन दिनों से फायर टैंकर तैनात किया गया है। इसके अलावा आग बुझाने के लिए फायर हाइड्रेंट्स की भी व्यवस्था की गई है। अग्निशमन विभाग के कर्मचारी लगातार मौके पर निगरानी रख रहे हैं और पटाखे खरीदने तथा उनका इस्तेमाल करने वाले लोगों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

अग्निशमन विभाग के कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि आतिशबाजी के लिए निर्धारित स्थल पर विभाग की लगातार नजर है। किसी भी संभावित आगजनी की घटना से निपटने के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी लोगों को पटाखों के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी जागरूक कर रहे हैं। अग्निशमन विभाग की टीम रात नौ बजे तक चौगान में तैनात रहकर अपनी सेवाएं देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774224 Articles

Share this story